Pakur News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) 2026 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित बीएलओ ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित अवधि से पूर्व शत-प्रतिशत पूर्ण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान दिया।
पाकुड़ के इन 5 बीएलओ को मिला सम्मान
बता दें कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या- 350 की बीएलओ जासमिनारा बीबी, बूथ संख्या- 388 की बीएलओ नीलिमा सरकार, लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या- 83 की बीएलओ कल्पना कुमारी तथा महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या- 92 की बीएलओ शालू बेगम एवं बूथ संख्या- 65 की बीएलओ रुमी मंडल सम्मानित हुए। इस अवसर पर डीसी ने सम्मानित बीएलओ को बधाई देते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में समर्पण, समयबद्धता एवं उत्तरदायित्व लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और निर्धारित समय सीमा से पूर्व शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करना उनकी कार्यनिष्ठा, प्रतिबद्धता एवं दक्षता का परिचायक है। ऐसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य बीएलओ को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके तथा मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के आरओ सह भूमि सुधार उप समाहर्ता अमित कुमार एवं एईआरओ सह अंचलाधिकारी पाकुड़ अरविन्द कुमार बेदिया शामिल थे।








