Bihar News: दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में गिरफ्तार मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अनंत सिंह को पटना के बेऊर जेल में रखा गया है।
इससे पहले डीआईयू सेल में उनकी मेडिकल जांच की गई, जिसके बाद उन्हें पटना सिविल कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। इस मामले में अन्य आरोपियों की भी जांच के बाद कोर्ट में पेशी हुई।
गौरतलब है कि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की 30 अक्टूबर को हत्या कर दी गई थी।
मोकामा विधानसभा सीट को बाहुबलियों का गढ़ माना जाता है। यह सीट पटना जिले की 14 विधानसभा सीटों में से एक है। इस बार जेडीयू ने अनंत सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जबकि आरजेडी ने बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को टिकट दिया है। वहीं, जन सुराज पार्टी ने पीयूष प्रियदर्शी को मोकामा से अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
संवाददाता, खबर मन्त्र। रांची और आसपास के ग्रामीण अंचलों की नागरिक समस्याएं, मौसम, सड़क हादसे और स्थानीय हलचल की ग्राउंड रिपोर्टिंग।









