Ranchi News: रांची पुलिस ने अवैध दवा तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए 13,400 बोतल कोफ सिरप PHENSEDYL जब्त किया है। ये कार्रवाई मांडर थाना क्षेत्र के टांगरबसली मोड़ के पास एनएच-39 पर की गई। मामला 1 नवंबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे का है, जब वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को उत्तर प्रदेश क्राइम ब्रांच से सूचना मिली कि ट्रक संख्या NL01AH-5510 में बड़ी मात्रा में अवैध कफ सिरप लोड कर रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र से किसी अन्य जगह बिक्री के लिए ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक खलारी राम नारायण चौधरी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने एनएच-39 पर टांगरबसली मोड़ के पास जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया। जब चालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि ट्रक में सड़ा हुआ चावल लदा है। लेकिन जब पुलिस ने बोरियों की गहराई से जांच की तो नीचे से 134 सफेद प्लास्टिक की बोरियों में बंद 13,400 बोतल कोफ सिरप PHENSEDYL (100 ML) बरामद हुई। जिसकी मार्केट कीमत 30 लाख रुपए की बताई जा रही है।
ट्रक चालक वसीम निजाम शेख (40 वर्ष), निवासी जोगेश्वरी ईस्ट, मुंबई से जब दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रक सहित समस्त माल को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने PHENSEDYL कोफ सिरप – 13,400 बोतल और एक ट्रक पंजीयन संख्या – NL01AH-5510 बरामद किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोफ सिरप कहाँ से लाया गया और किसे सप्लाई किया जाना था इसकी जांच कर रही है।













