Ranchi News: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सीठीयो टंग टंग टोली स्थित रिंग रोड पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रहे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। हादसे में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिंग रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर होती हैं। पुलिस ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।













