National News: हरियाणा के फरीदाबाद में एक डॉक्टर के घर से 360 किलो संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट, असॉल्ट राइफल और कई कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की है। बरामदगी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी डॉक्टर का नाम आदिल अहमद है, जो जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग का रहने वाला है। उसे 7 नवंबर को यूपी के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आदिल ने फरीदाबाद में विस्फोटक छिपाने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने धौज गांव स्थित उसके किराए के कमरे पर छापा मारा।
डॉ. आदिल पहले अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में प्रैक्टिस करता था। उसने 2024 में नौकरी छोड़ दी और फिर सहारनपुर में प्रैक्टिस शुरू की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसने फरीदाबाद में तीन महीने पहले किराए पर कमरा लिया था, जहाँ वह खुद नहीं रहता था , बल्कि केवल विस्फोटक और अन्य सामान रखने के लिए उपयोग करता था।
7 नवंबर को ही आदिल की निशानदेही पर एक अन्य डॉक्टर मुजाहिल शकील को पुलवामा (कश्मीर) से गिरफ्तार किया गया था।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डॉ. आदिल अहमद के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधि (निरोधक) कानून (UAPA) के तहत केस दर्ज किया है। सूत्रों का कहना है कि बरामद हथियार और विस्फोटक की मात्रा आतंकवाद से जुड़ी संभावित गतिविधियों की ओर संकेत करती है।
कानूनी प्रावधान:
इंडियन आर्म्स एक्ट, 1959 के तहत बिना लाइसेंस आधुनिक या प्रतिबंधित हथियार रखने पर कड़ी सजा का प्रावधान है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस विस्फोटक और हथियारों का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।












