Ranchi : चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर देशभर के 272 रिटायर्ड जजों, नौकरशाहों और सैन्य अधिकारियों ने बुधवार को एक खुला पत्र जारी किया है। इस पत्र में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की तीखी आलोचना की गई है। पत्र पर 16 पूर्व जजों, 123 रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट्स जिनमें 14 पूर्व राजदूत भी शामिल हैं और 133 पूर्व सैन्य अधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
संवैधानिक संस्थाओं की साख को कमजोर करने वाली बयानबाजी
इन हस्ताक्षरकर्ताओं का कहना है कि कांग्रेस लंबे समय से चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की साख को कमजोर करने वाली बयानबाजी कर रही है। उनके अनुसार, ऐसा माहौल पैदा करने से लोकतंत्र में अविश्वास फैलता है और आम नागरिकों का भरोसा प्रभावित होता है।
पत्र में यह भी लिखा गया है कि चुनाव आयोग भारत की चुनिंदा संस्थाओं में से एक है, जिस पर पूरी दुनिया भरोसा करती है। ऐसे में उस पर बार-बार सवाल खड़े करना स्वस्थ राजनीति नहीं मानी जा सकती।
दरअसल, राहुल गांधी हाल के दिनों में तीन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके हैं, जिनमें उन्होंने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को मोदी सरकार की “B टीम” तक कह दिया था। खुले पत्र में इन बयानों को “अनुचित” और “लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाने वाला” बताया गया है।













