Dhanbad Breaking News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शुक्रवार को धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़े कम से कम तीन कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ईडी अधिकारियों ने डेको आउटसोर्सिंग कंपनी के संचालक एवं ट्रांसपोर्टर मनोज अग्रवाल, कारोबारी सुधीर चौटाला और इंद्रराज भदौरिया के आवास व कार्यालयों की तलाशी ली।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई कोयला के अवैध कारोबार के जरिए मनी लांड्रिंग से जुड़े मामले में की जा रही है। टीम सुबह से ही विभिन्न ठिकानों पर दस्तावेज़, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य खंगालने में जुटी हुई है।
21 नवंबर की बड़ी छापेमारी का विस्तार माना जा रहा ऑपरेशन
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 21 नवंबर को भी ईडी ने कोयला कारोबारी दीपक पोद्दार समेत कई बड़े कारोबारियों के घरों और कार्यालयों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में कोलकाता ईडी की टीम भी शामिल थी, जो पश्चिम बंगाल के विभिन्न ठिकानों पर तलाशी ले रही थी।
उस दौरान ईडी को कई करोड़ रुपये की संदिग्ध लेन-देन और चल-अचल संपत्ति के महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। जांच के क्रम में यह भी सामने आया कि कोयला के अवैध कारोबार में इंद्रराज भदौरिया, सुधीर चौटाला और मनोज अग्रवाल की भी संलिप्तता हो सकती है। इसी आधार पर ईडी ने इन कारोबारियों के खिलाफ मौजूदा कार्रवाई की शुरुआत की है।
Read more- राशिफल 12 दिसंबर 2025: जानें कैसा रहेगा आपका दिन, किस राशि की बदल जाएगी किस्मत












