Ranchi News: रांची के रिम्स स्थित डीआईजी ग्राउंड में शुक्रवार सुबह जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। यह कार्रवाई झारखंड हाई कोर्ट के उस आदेश के बाद तेज की गई है, जिसमें रिम्स की जमीन को हर हाल में अतिक्रमणमुक्त करने के निर्देश दिए गए थे।
प्रशासन की टीम सुबह से ही भारी पुलिस बल और बुलडोज़र के साथ मौके पर पहुंची। खास बात यह रही कि यह कार्रवाई मंत्री रामेश्वर उरांव के आवास के ठीक पास चलाई जा रही है, जिसके कारण क्षेत्र में काफी हलचल देखने को मिली।
अभियान का नेतृत्व एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट सायना तिग्गा और बड़गाई के CO विजय कुमार दास कर रहे हैं। मजिस्ट्रेट सायना तिग्गा ने बताया कि कोर्ट का आदेश स्पष्ट है- डीआईजी ग्राउंड के सभी हिस्सों से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे और क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई है ताकि किसी तरह की बाधा या विवाद की स्थिति न बने। प्रशासन ने साफ कहा है कि सार्वजनिक परिसरों पर किसी भी तरह का अवैध ढांचा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुबह से अब तक कई अस्थायी और पक्के निर्माणों को तोड़ा जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक पूरा डीआईजी ग्राउंड खाली नहीं हो जाता। रिम्स के आसपास चल रही इस कार्रवाई से इलाके में प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है और लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुटने लगे हैं












