Jharkhand News: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में नई दिल्ली में एक अहम पहल देखने को मिली। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रताप राव जाधव से मुलाकात कर राज्य की जरूरतों को सीधे और स्पष्ट शब्दों में रखा। बातचीत के केंद्र में बेहतर इलाज, मेडिकल शिक्षा, आयुष प्रणाली और आधुनिक तकनीक से लैस स्वास्थ्य सुविधाएं रहीं।
Jharkhand News: झारखंड में संभावनाओं की कमी नहीं-मंत्री इरफान अंसारी
डॉ. अंसारी ने कहा कि झारखंड में संभावनाओं की कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल ठोस फैसलों और निरंतर प्रयासों की। उन्होंने आदिवासी और दूरदराज इलाकों के लिए मजबूत स्वास्थ्य ढांचे को सामाजिक बराबरी से जोड़ा। मंत्री ने हेल्थ कॉटेज, आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेजों के सशक्तिकरण, रांची के बड़े अस्पतालों के उन्नयन और AI आधारित हाईटेक लैब की मांग रखी।
केंद्रीय मंत्री ने प्रस्तावों को जरूरी बताते हुए राज्य सरकार की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने साफ किया कि भूमि और आंशिक वित्तीय हिस्सेदारी राज्य को सुनिश्चित करनी होगी, जिसके बाद केंद्र सहयोग देगा।
बैठक के अंत में दोनों पक्ष इस बात पर सहमत दिखे कि समन्वय से झारखंड में इलाज, शिक्षा और शोध की तस्वीर बदली जा सकती है। डॉ. अंसारी ने इसे अपने लिए विभाग नहीं, बल्कि जनसेवा का मिशन बताया।










