Ranchi News: राष्ट्रपति Droupadi Murmu के झारखंड आगमन को लेकर राजधानी रांची समेत कई जिलों में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की गई है। 28 से 30 दिसंबर तक राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनज़र शहर में तीन दिनों के लिए ट्रैफिक रूट में बदलाव किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, एयरपोर्ट से लोक भवन तक 85 से अधिक स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। वहीं, राष्ट्रपति के काफिले के आवागमन के दौरान चिह्नित रूट पर सभी बाइलेन पूरी तरह बंद रहेंगे। इसके लिए मुख्य सड़कों से जुड़ने वाली 75 से ज्यादा बाइलेन को पहले ही चिन्हित कर लिया गया है।
एयरपोर्ट रूट पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती
रांची में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन तक 300 से अधिक अतिरिक्त ट्रैफिक जवानों को तैनात किया जाएगा। इस दौरान इस रूट पर ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
हवाई यात्रियों के लिए विशेष निर्देश
- 28 दिसंबर को शाम की फ्लाइट से यात्रा करने वाले यात्री शाम 4:30 बजे से पहले एयरपोर्ट पहुंचें
- 29 दिसंबर की सुबह यात्रा करने वालों को सुबह 7:30 बजे से पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है
राष्ट्रपति Droupadi Murmu के आगमन को लेकर जमशेदपुर में मॉक ड्रिल
राष्ट्रपति के 29 दिसंबर को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर शहर को अभेद्य सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया गया है। आदित्यपुर–एनआईटी रोड के आसपास रहने वाले लोगों की घर-घर जांच और सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा मकानों में रहने वाले सभी सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है और आधार कार्ड की फोटोकॉपी लेकर सत्यापन किया जा रहा है।
राष्ट्रपति के कारकेड में 40 से अधिक वाहन शामिल रहेंगे। यदि सभी वाहन शहर पहुंचते हैं, तो 26 दिसंबर की रात पहली मॉक ड्रिल, 27 दिसंबर की रात दूसरी, और 28 दिसंबर सुबह 10 बजे फाइनल मॉक ड्रिल कराई जाएगी।
29 से गुमला में कार्तिक जतरा, राष्ट्रपति होंगी शामिल
गुमला के रायडीह में 29 दिसंबर से दो दिवसीय कार्तिक जतरा का आयोजन किया जाएगा। जहां, उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम शामिल होगें। वहीं, समापन समारोह (30 दिसंबर) की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति Droupadi Murmu होगीं।
अति विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल उरांव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल रहेंगे।












