Jharkhand News: गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित मिनर्वा डिजिटल परीक्षा केंद्र में आयोजित एसएससी (एमटीएस) ऑनलाइन परीक्षा के दौरान नकल कराने वाले संगठित गिरोह का धनबाद पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पूरे मामले का खुलासा सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता कर किया।
उन्होंने बताया कि 4 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक संचालित परीक्षा के दौरान 12 फरवरी को सेंटर को-ऑर्डिनेटर के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ परीक्षार्थी तकनीकी उपकरणों की मदद से प्रश्नों के उत्तर प्राप्त कर रहे हैं। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस ने परीक्षा केंद्र पर छापेमारी कर जांच शुरू की।
Jharkhand News: ब्लूटूथ डिवाइस व स्पाई ईयरपीस बरामद
जांच के क्रम में दो परीक्षार्थियों के पास से ब्लूटूथ डिवाइस व स्पाई ईयरपीस बरामद किया गया। पूछताछ में पता चला कि परीक्षा केंद्र के रजिस्ट्रेशन मैनेजर शशि कुमार की संलिप्तता से अभ्यर्थियों को तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे थे और बाहर से उत्तर बताने की व्यवस्था की गई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नकल कराने के एवज में प्रति अभ्यर्थी करीब 8 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 2.5 लाख रुपये अग्रिम वसूले जा चुके थे। आरोपी के मोबाइल की जांच में कई संदिग्ध चैट और लेन-देन से जुड़े साक्ष्य मिले हैं।
Jharkhand News: अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
इस संबंध में गोविंदपुर थाना कांड संख्या 68/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट एवं सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी अंक कुमार, विक्की कुमार (परीक्षार्थी) एवं शशि कुमार (रजिस्ट्रेशन मैनेजर)।इनके पास से बरामद दो ब्लूटूथ डिवाइस, स्पाई ईयरपीस एवं मोबाइल फोन हुआ है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









