रांची : राजधानी रांची स्थित कांग्रेस भवन में गुरुवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक भव्य सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केशव महतो कमलेश की गरिमामयी उपस्थिति रही, जहां सिख समुदाय के सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
यह कार्यक्रम ज्योति सिंह माथारू की पहल पर समाजसेवी सुखपाल सिंह नामधारी, गुरदीप सिंह और प्रितपाल सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव सर्वधर्म समभाव और भाईचारे की विचारधारा पर चलती रही है। उन्होंने सिख समुदाय के ऐतिहासिक योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और प्रदेश में पार्टी की विचारधारा और मजबूत होगी।
वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। यह सदस्यता कार्यक्रम केवल संख्या में वृद्धि नहीं, बल्कि विचारों की एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने नए सदस्यों से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
ज्योति सिंह माथारू ने सिख समुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा की है।
जनहितकारी नीतियों से बढ़ा विश्वास
सदस्यता ग्रहण करने वाले समाजसेवी सुखपाल सिंह नामधारी ने कहा कि कांग्रेस की समावेशी नीति और जनहितकारी कार्यों से प्रेरित होकर सिख समाज के लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे संगठन को मजबूती प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर प्रदेश मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, सोनाल शांति, कृषि विपणन अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह, महानगर अध्यक्ष कुमार राजा और सह कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस पार्टी से सदस्यता ग्रहण करने वालों में अर्जुन सिंह, जगजीत सिंह, जसी लोहिया, राजवीर सिंह, सरबजीत सिंह, समरजीत सिंह, प्रीति पाल सिंह, मनजीत सिंह, तलविंदर शोरा, जयदीप सिंह, रमनप्रीत सिंह, जसमीत सुखविंदर, नरपिंदर सिंह, हरप्रीत जग्गी, जसकरण डोरा, गौरव कुमार, वेदव्यास भारती, मिथिलेश दुबे, मुकेश कुमार, रोहित कुमार, अमित कुमार, त्रिलोचन सिंह, प्रिया रंजन, देवराज घोष, सैफ अली खान, राजीव रंजोत सहित सैकड़ों लोग शामिल हैं।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है और उम्मीद जताई है कि नए साथियों के जुड़ने से पार्टी का जनाधार और अधिक सशक्त होगा।












