लातेहार: नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर लातेहार में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बिलासी देवी के पति निलेश टोप्पो, जो समाहरणालय लातेहार के सिक्योरिटी सेल में पदस्थापित हैं, खुलेआम चुनाव प्रचार में शामिल होकर आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं।
भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल, सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में, राज्य चुनाव आयोग पहुंचा और इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि निलेश टोप्पो सरकारी पद पर रहते हुए अपनी पत्नी के चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं और सरकारी संसाधनों व प्रभाव का इस्तेमाल कर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि इस संबंध में 12 फरवरी को ही चुनाव आयोग में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
भाजपा ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल प्रभाव से निलेश टोप्पो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहे।











