राजधानी Ranchi के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में स्थित Tito’s Family Restaurant में हुई फायरिंग की घटना के बाद रेस्टोरेंट संचालक को एक बार फिर गैंगस्टर Prince Khan की ओर से धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि घटना के कुछ ही घंटों बाद संचालक के मोबाइल पर एक ऑडियो मैसेज भेजा गया, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।
ऑडियो में दी खुली धमकी
सूत्रों के मुताबिक ऑडियो मैसेज में कहा गया है, “इस बार बच गया ना रे, अगली बार घर में घुसकर मारेंगे, पैसा तो देना ही पड़ेगा।”
इतना ही नहीं, ऑडियो में यह भी कहा गया है कि उसके आदमी Ranchi में मौजूद हैं और पल-पल की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर रेस्टोरेंट मालिक राजकुमार गोप रंगदारी नहीं देते हैं तो उनके साथ काम करने वाले अन्य लोगों को भी निशाना बनाया जाएगा।
Tito’s Family Restaurant में हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
शनिवार रात एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के लोधमा रोड स्थित कुटियातु चौक के पास Tito’s Family Restaurant में दो हथियारबंद अपराधी बाइक से पहुंचे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। रेस्टोरेंट में घुसते ही उन्होंने ताबड़तोड़ करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग कर दी।
अपराधियों का निशाना रेस्टोरेंट की देखरेख करने वाले छोटू यादव को बताया जा रहा है, लेकिन गोली पास में खड़े वेटर मनीष को लग गई। घायल मनीष को तुरंत राज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मनीष दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में बीमार पिता, मां, पत्नी और करीब पांच साल की बेटी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पहले भी मांगी गई थी एक करोड़ की रंगदारी
पुलिस के अनुसार पिछले साल 25 दिसंबर को भी रेस्टोरेंट मालिक राजकुमार गोप से करीब एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। बताया गया था कि दुबई से फोन कर खुद को प्रिंस खान बताते हुए पैसे की मांग की गई थी।
उस समय राजकुमार गोप ने एयरपोर्ट थाना में शिकायत दर्ज कराई थी और कुछ समय के लिए उन्हें सुरक्षा भी दी गई थी, लेकिन बाद में सुरक्षा हटा ली गई।
विदेश से संचालित हो रहा गिरोह
पुलिस सूत्रों के मुताबिक वासेपुर का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान फिलहाल विदेश में रहकर अपने गिरोह को संचालित कर रहा है और झारखंड में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिलवा रहा है।
फायरिंग और धमकी के इस मामले के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और गिरोह के सक्रिय सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








