Dhanbad: बिहार के गया जिले से एक छात्र के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपहरणकर्ता छात्र को स्कॉर्पियो गाड़ी से धनबाद लेकर आए, लेकिन छात्र ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए उनके चंगुल से भागकर अपनी जान बचा ली।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था छात्र
जानकारी के अनुसार, गया जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक छात्र को सोमवार को चार युवकों ने जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी उसे लेकर झारखंड के धनबाद पहुंच गए। रास्ते में अपराधी आपस में बातचीत करते हुए छात्र को दो दिनों तक झारखंड में रखने की बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने छात्र का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके।
Dhanbad: मौका देखकर छात्र वहां से भागने में सफल रहा
धनबाद पहुंचने के बाद जब आरोपी रास्ते में चाय-पानी पीने के लिए रुके, तभी छात्र ने मौका देखकर वहां से भागने में सफलता हासिल कर ली। छात्र को भागता देख अपराधियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह दौड़ते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंच गया और राजकीय रेल थाना में जाकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित छात्र ने बताया कि वह बिहार के वजीरगंज का रहने वाला है और हाल ही में उसने बिहार पुलिस की लिखित परीक्षा पास की थी। जल्द ही उसका शारीरिक परीक्षण होने वाला था, लेकिन अपहरणकर्ताओं ने उसके जरूरी दस्तावेज भी फाड़ दिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।












