Dhanbad: 39वें एआईयू राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने चेन्नई पहुंची बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) की दो छात्राएं मंगलवार को एक हादसे में घायल हो गईं। दोनों को नजदीकी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
Dhanbad: तेज आंधी से गिरा मुख्य प्रवेश द्वार, दो छात्राएं घायल
जानकारी के अनुसार चेन्नई के सत्यभामा इंस्टीट्यूट में आयोजित युवा महोत्सव स्थल पर बनाया गया लोहे का भव्य प्रवेश द्वार अचानक तेज आंधी के कारण गिर गया। इसकी चपेट में आकर छात्रा कुमुद के कंधे, हाथ और सिर में गंभीर चोट आई, जबकि प्रियाशा पाल की उंगली फ्रैक्चर हो गई। दोनों छात्राएं गुरु नानक कॉलेज की हैं और विश्वविद्यालय की दस सदस्यीय डांस टीम का हिस्सा थीं। हादसे के बाद अब वे प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाएंगी। धनबाद से कुल 27 सदस्यीय टीम राष्ट्रीय युवा महोत्सव में शामिल होने चेन्नई पहुंची है।
बीबीएमकेयू की डीएसडब्ल्यू डॉ. पुष्पा कुमारी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार टीम मैनेजर और छात्रों के संपर्क में है। साथ ही आयोजक विश्वविद्यालय से भी बातचीत कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
टीम लीडरों की लापरवाही का आरोप
टीम लीडरों की लापरवाही का आरोप इस बीच इस पूरे मामले को लेकर टीम लीडरों की कथित लापरवाही का मुद्दा भी तूल पकड़ने लगा है। कुमार मधुरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने विश्वविद्यालय के कुलपति, रजिस्ट्रार और जिले के उपायुक्त समेत कई उच्चाधिकारियों को ई-मेल भेजकर गंभीर आरोप लगाए हैं और वर्तमान टीम लीडरों को तत्काल पद से मुक्त करने की मांग की है।
छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल: महिला लीडर की अनुपस्थिति का मुद्दा
शिकायतकर्ता का आरोप है कि यूथ फेस्टिवल में भाग लेने गई छात्राओं की सुरक्षा और देखभाल में लापरवाही बरती गई। ई-मेल में कहा गया है कि जब छात्राएं किसी कार्य के लिए बाहर जाती थीं, तब महिला टीम लीडर उनके साथ मौजूद नहीं रहती थीं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि छात्राओं को नाश्ता लाने, ज़ेरॉक्स कराने या अन्य छोटे-मोटे कामों के लिए अकेले भेजा गया, जो सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं है। शिकायतकर्ता का कहना है कि टीम लीडरों को छात्रों की जिम्मेदारी निभाने के लिए भेजा गया था, लेकिन वे अपने दायित्वों का निर्वहन सही ढंग से नहीं कर पाए।
ई-मेल में घायल छात्रा का भी जिक्र करते हुए सवाल उठाया गया है कि इलाज के बाद जब वह धनबाद लौटेगी तो क्या दोबारा लोक नृत्य प्रतियोगिता में भाग ले पाएगी, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
टीम लीडरों पर लापरवाही के गंभीर आरोप: कुलपति और डीसी से शिकायत
कुमार मधुरेंद्र सिंह ने टीम मैनेजर जयगोपाल मंडल और उनके सहयोगी राजीव प्रधान पर प्रबंधन में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि पूर्व में भी यात्रा और प्रबंधन को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं।
शिकायतकर्ता ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि वर्तमान टीम लीडरों को यूथ फेस्टिवल की जिम्मेदारी से तुरंत मुक्त किया जाए और उनकी जगह तीन नए योग्य लोगों की नियुक्ति की जाए, ताकि छात्रों की सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
इस मामले की जानकारी झारखंड के राज्यपाल कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय को भी भेजी गई है। शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का अध्ययन कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।












