Ranchi: राजधानी रांची में 10 नवंबर 2026 को राज्य स्तरीय उर्दू कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। सहाफी एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की ओर से प्रस्तावित इस कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आए बुद्धिजीवी, पत्रकार, साहित्यप्रेमी और उर्दू प्रेमी शामिल हुए।
बैठक में उर्दू भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ इसकी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम को व्यापक बनाने और इसमें विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विचार किया गया।
झारखंड में उर्दू की पहचान, अदब और तहजीब को सामने रखने का अवसर
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि 10 नवंबर का आयोजन झारखंड में उर्दू की पहचान, अदब और तहजीब को सामने रखने का अवसर होगा। उन्होंने उर्दू को साझा संस्कृति और गंगा-जमुनी तहजीब की विरासत बताते हुए कहा कि इसे किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड की बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक पहचान में उर्दू का भी महत्वपूर्ण स्थान है। कॉन्फ्रेंस में भाषा और साहित्य के साथ उर्दू की विरासत, अधिकार, भविष्य और नई पीढ़ी से इसके जुड़ाव पर चर्चा होगी।
हज हाउस में प्रस्तावित है कार्यक्रम
राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस रांची के हज हाउस में आयोजित करने की तैयारी है। इसमें साहित्यकारों, पत्रकारों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों को आमंत्रित किए जाने की योजना है।
मंत्री के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कल्याण मंत्री हफीजुल हसन और वरिष्ठ नेता फुरकान अंसारी समेत कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी प्रस्तावित है।
बैठक में सहाफी एसोसिएशन के अध्यक्ष शाहीन अहमद, कार्यकारी अध्यक्ष आसिफ नईम, महासचिव फिरोज जिलानी, सचिव रमीज और सह-सचिव फहीम अख्तर समेत कई पत्रकार मौजूद रहे। मंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों से सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







