Hardik Pandya Controversy, हार्दिक पांड्या पर लगा राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप, पुणे के वकील वाजेद खान बिडकर ने दर्ज कराई शिकायत
Hardik Pandya Controversy: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद जहां पूरा देश जश्न मना रहा था, वहीं हार्दिक के जश्न के एक तरीके ने कानूनी मुसीबत खड़ी कर दी है। आरोप है कि अहमदाबाद में जीत के सेलिब्रेशन के दौरान हार्दिक ने तिरंगे का अनादर किया है।
गर्लफ्रेंड के साथ जश्न और तिरंगे का अपमान!
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि हार्दिक पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ जीत की खुशी मना रहे थे, हार्दिक पांड्या अपनी जीत के जश्न में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डांस कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपने कंधे पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) लपेटा हुआ था।
शिकायत के अनुसार, हार्दिक जश्न में इतने खो गए थे कि वह तिरंगा कंधे पर लपेटे हुए ही अपनी गर्लफ्रेंड के साथ स्टेज पर लेटे हुए दिखाई दिए। पुणे के वकील वाजेद खान बिडकर ने इसे ‘प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971’ के सेक्शन 2 का उल्लंघन बताया है। पुणे के वकील वाजेद खान बिडकर ने हार्दिक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है
कहां और किसने दर्ज कराई शिकायत?
हार्दिक पांड्या के खिलाफ पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। वकील वाजेद खान ने मीडिया से बात करते हुए कहा: ‘मैंने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में कंप्लेंट फाइल की है। जब मैं कंप्लेंट फाइल करने गया, तो उन्होंने मुझे बताया कि घटना वहां हुई, यहां नहीं। मैंने उनसे कहा कि नेशनल फ्लैग पूरे देश का सिंबल है और हम शिवाजी नगर पुलिस में कंप्लेंट फाइल कर सकते हैं। उन्होंने मेरी कंप्लेंट एक्सेप्ट कर ली है और मुझे एक कॉपी दी है। देखते हैं आगे क्या होता है।“
पुलिस का क्या है कहना?
शुरुआत में क्षेत्राधिकार (Jurisdiction) को लेकर असमंजस था, क्योंकि घटना अहमदाबाद की थी और शिकायत पुणे में दी गई। हालांकि, शिकायतकर्ता के तर्क के बाद पुणे पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर लिया है और इसकी एक कॉपी उन्हें सौंप दी है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में FIR दर्ज कर जांच आगे बढ़ाती है या नहीं।
T20 वर्ल्ड कप की जीत ने जहां हार्दिक को हीरो बना दिया था, वहीं इस कानूनी विवाद ने प्रशंसकों के बीच नई बहस छेड़ दी है। क्या यह अनजाने में हुई गलती है या वास्तव में नियमों का उल्लंघन? यह जांच का विषय है।












