Ranchi News: राजधानी रांची के चर्चित टीटोस रेस्टोरेंट हत्याकांड (7 मार्च) का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज मामले में रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान धनबाद में हुई मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सिटी एसपी पारस राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि हत्यारों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम धनबाद पहुंची थी, जहां अपराधियों से आमना-सामना हो गया और मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटर कुबेर उर्फ मनीष सिंह और अफजल अमन को गोली लगी। दोनों घायल अवस्था में फिलहाल इलाजरत हैं।
Ranchi News: कोयलांचल शांति सेना गिरोह का सदस्य रहा है अपराधी
पुलिस जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो में बाइक चला रहे शख्स की पहचान पप्पू भुईया के रूप में हुई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, घटना से पहले रेकी करने वाला आरोपी मो. सदाब आलम भी पुलिस की गिरफ्त में है।
इस हत्याकांड में अब तक कुल 4 अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, कुबेर पहले कोयलांचल शांति सेना गिरोह का सदस्य रह चुका है और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।
Ranchi News: पुलिस को करीब 60 बैंक खातों की जानकारी मिली
जांच के दौरान रंगदारी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। पुलिस को करीब 60 बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनमें भारत के साथ-साथ विदेशों के खाते भी शामिल हैं। इन खातों के जरिए अवैध वसूली की रकम ट्रांसफर की जाती थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि गैंगस्टर प्रिंस खान को कुछ पत्रकारों और व्हाइट कॉलर लोगों का भी समर्थन मिलने की आशंका है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।













