Jharkhand News: बिरनी के सालेडीह में खूनी संघर्ष, दो गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने संभाला मोर्चा
Jharkhand News: खबर मंत्र संवाददाता बिरनी गिरिडीह: बिरनी प्रखंड के सालेडीह गांव में बुधवार रात करीब आठ बजे दो पक्षों के बीच अचानक खूनी संघर्ष छिड़ गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चले, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हुए, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों में एक पक्ष के सालेडीह निवासी किशोर यादव शामिल हैं। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे एक दुकानदार भी इस हिंसा का शिकार हो गए। उनकी पहचान गेंदो राम के बड़े पुत्र बबलू गुप्ता के रूप में हुई है।
घर में घुसकर किया हमला
घटना के संबंध में घायल किशोर यादव ने बताया कि वह बेल बांधने के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान कारू यादव, पप्पू यादव, लालू यादव (पिता नारायण महतो), नंदलाल यादव (पिता कारू महतो) और शिवम यादव (पिता लालू यादव) ने मिलकर उन पर तलवार से हमला कर दिया। हमले के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और ईंट-पत्थर भी चले।
वहीं घायल दुकानदार बबलू गुप्ता ने बताया कि किशोर यादव जान बचाने के लिए उनके घर में घुस आए थे। तभी हमलावरों का समूह वहां पहुंच गया और उन्हें किशोर यादव को बाहर निकालने की धमकी दी। बबलू गुप्ता के अनुसार, बाइक हटाने लगे, तभी उन पर भी हमला कर दिया गया। इस दौरान हमलावर पक्ष की एक मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस की कार्रवाई: आरोपियों पर कसेगा शिकंजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार, भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार, एसआई जितेंद्र सिंह, भक्तलाल मंडल सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।
घटनास्थल पर फिलहाल पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।













