Dhanbad News: धनबाद से एक बार फिर बड़ी खबर सामने आई है, जहां धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि यह तीसरी बार है जब कोर्ट को इस तरह की धमकी दी गई है। इस बार भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईमेल के माध्यम से कोर्ट परिसर को दहलाने की चेतावनी दी गई।
धमकी भरा मेल मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना के तुरंत बाद डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे कोर्ट परिसर को घेरकर चप्पे-चप्पे की सघन जांच शुरू कर दी।करीब कई घंटों तक चली जांच के दौरान कोर्ट परिसर के हर हिस्से को बारीकी से खंगाला गया।
Dhanbad News: डॉग स्क्वाड और भारी पुलिस बल ने की सघन जांच
हालांकि, जांच में अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिससे अधिकारियों ने फिलहाल राहत की सांस ली है। एहतियात के तौर पर कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।












