Jharkhand News: बोकारो जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया है। पिंड्राजोरा थाना में लापरवाही और संदिग्ध भूमिका के आरोप में एक साथ पूरे थाने के पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
Jharkhand News: एक साथ 28 पुलिसकर्मी निलंबित
बोकारो एसपी द्वारा जारी आदेश में 10 सब इंस्पेक्टर, 5 असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, 2 हवलदार और 11 सिपाहियों को निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई शनिवार देर रात की गई, जिसे राज्य में एक अभूतपूर्व कदम माना जा रहा है।
Read More- Big Breaking : नहीं रही सुरों की मल्लिका आशा भोंसले, 92 साल की उम्र में निधन
बताते चलें कि पूरा मामला 24 जुलाई 2025 का है, जब पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय पुष्पा महतो के लापता होने की शिकायत उसकी मां रेखा देवी ने दर्ज कराई थी। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि करीब 9 महीने तक पुलिस इस मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं कर सकी। इससे नाराज परिजनों ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
Jharkhand News: प्रेमी ही निकला हत्यारा
हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई और डीजीपी से लेकर जिले के एसपी तक को अदालत में पेश होना पड़ा। कोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस हरकत में आई और एक ही दिन में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। जांच के दौरान लापता युवती का कंकाल बरामद किया गया और आरोपी दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पर काम में लापरवाही बरतने का आरोप
एसआईटी की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मी जांच में लापरवाही बरत रहे थे और पीड़ित पक्ष को कमजोर करते हुए आरोपी को फायदा पहुंचा रहे थे। इतना ही नहीं, केस को प्रभावित करने के लिए आरोपी से पैसे लेने और उसके साथ पार्टी करने जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं। इससे केस की गोपनीयता भी भंग हुई और पुलिस की छवि को गहरा धक्का पहुंचा।
तकनीकी जांच में मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और पूछताछ से पता चला कि पुष्पा महतो पिछले तीन वर्षों से आरोपी दिनेश के संपर्क में थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
Jharkhand News: शादी का दबाव बना रही थी युवती
आरोपी ने बताया कि युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। 21 जुलाई 2025 को वह पुष्पा को चास कॉलेज के पीछे सुनसान इलाके में ले गया और चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल चाकू, कपड़े, बाल और शरीर के 19 हड्डियों के टुकड़े बरामद किए हैं। साथ ही आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।












