झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए विदेशी आयुर्विज्ञान स्नातकों (Foreign Medical Graduates – FMGs) को स्टाइपेंड देने की घोषणा की है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अब राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में इंटर्नशिप कर रहे FMGs को निःशुल्क इंटर्नशिप के साथ भारतीय स्नातकों के समान स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
₹2.53 करोड़ स्टाइपेंड के लिए स्वीकृत
सरकार ने 1 जुलाई 2023 से इंटर्नशिप कर रहे FMGs के लिए लगभग ₹2.53 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। यह राशि राज्य के पांच प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेजों में वितरित की जाएगी, जिससे सैकड़ों इंटर्न डॉक्टरों को सीधा लाभ मिलेगा।
डॉक्टर से मंत्री बने, दर्द समझा और समाधान दिया
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, जो स्वयं एक चिकित्सक रह चुके हैं, ने इस फैसले को अपने व्यक्तिगत अनुभव से जोड़ते हुए कहा कि विदेश में पढ़ाई के दौरान उन्होंने इस समस्या को करीब से महसूस किया था। उन्होंने कहा कि सेवा का अवसर मिलने पर इसे खत्म करने का संकल्प लिया था, जो अब पूरा हुआ है।
डॉक्टरों में खुशी, सरकार के फैसले का स्वागत
इस निर्णय के बाद राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत FMGs और इंटर्न डॉक्टरों में खुशी का माहौल है। डॉक्टरों ने इसे केवल सरकारी आदेश नहीं, बल्कि सम्मान और अधिकार से जुड़ा कदम बताया। उनका कहना है कि इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे बेहतर तरीके से मरीजों की सेवा कर सकेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा मजबूती
विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से झारखंड में डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। पहले स्टाइपेंड नहीं मिलने के कारण कई डॉक्टर दूसरे राज्यों का रुख कर लेते थे, लेकिन अब वे राज्य में ही सेवाएं देने के लिए प्रेरित होंगे। इससे ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार संभव होगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार की दिशा में बड़ा कदम
सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, डॉक्टरों के हितों की रक्षा और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। FMGs को स्टाइपेंड देने का यह फैसला उसी कड़ी का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
सम्मान समारोह की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, इस फैसले के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को जल्द ही एक बड़े सेमिनार में सम्मानित करने की भी तैयारी की जा रही है।












