Ranchi News: नामकुम के मिलेट्री डेयरी फार्म के पास युवक का शव बरामद, इलाके में फैली सनसनी
Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मिलेट्री डेयरी फार्म (नामकुम) के पास एक युवक का शव बरामद हुआ। मैदान में शव पड़ा देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नामकुम के तेतरी टोली (कैलाश नगर) निवासी जितेंद्र तिवारी के पुत्र अभिजीत तिवारी के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
शरीर पर चोट के निशान, हत्या का संदेह
घटना की सूचना मिलते ही टाटीसिलवे और नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (Forensic Science Laboratory) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस का बयान: “शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।”
इस घटना के बाद से नामकुम और टाटीसिलवे क्षेत्र में स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अभिजीत आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया था।












