Ranchi: झारखंड की राजनीति में एक बार फिर कानून-व्यवस्था और माफिया कनेक्शन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने धनबाद के कुख्यात अपराधी गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा विदेश से जारी कथित वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
धनबाद SSP पर बेहद गंभीर आरोप
मरांडी ने कहा कि यह मामला केवल एक अपराधी के बयान तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछा कि क्या झारखंड का प्रशासनिक तंत्र माफियाओं के प्रभाव में काम कर रहा है?
उन्होंने आरोप लगाया कि वायरल वीडियो में धनबाद के SSP पर बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इनमें गरीबों की जमीन कब्जाने, माइनिंग माफियाओं से गठजोड़ और सत्ता का भय दिखाकर दबाव बनाने जैसे आरोप शामिल हैं।
अगर आरोप सही हैं तो लोकतंत्र के लिए खतरा
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि इन आरोपों में थोड़ी भी सच्चाई है, तो यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन अधिकारियों पर इतने गंभीर आरोप लग रहे हों, उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां क्यों दी जा रही हैं।
Read More- तमाड़ में दर्दनाक सड़क हादसा-तालाब में समाई कार, दो लोगों की डूबकर मौत
समाज में भय और अराजकता न फैले
मरांडी ने कहा कि उन्होंने समाज में भय और अराजकता न फैले, इसलिए वीडियो का केवल संपादित हिस्सा ही सार्वजनिक किया है। उन्होंने दावा किया कि पूरा वीडियो मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से सौंपेंगे। इस पोस्ट में उन्होंने पीएम मोदी, अमित शाह, ED, CBI और इनकम टैक्स विभाग को भी टैग किया है।
Read More- उत्पाद सिपाही पेपर लीक मामले में बिहार से एक और आरोपी गिरफ्तार, जांच तेज
उच्चस्तरीय जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने संबंधित अधिकारी को तत्काल हटाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और माइनिंग माफिया व भूमि कब्जे से जुड़े आरोपों की न्यायिक निगरानी में जांच कराने की मांग की है।







