Ranchi: झारखंड उत्पाद सिपाही पेपर लीक मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही विशेष टीम ने बिहार के सहरसा जिले से अमृत राज उर्फ बुलबुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अमृत राज का नाम पहले से गिरफ्तार आरोपियों की पूछताछ में सामने आया था। वह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) कार्यालय में क्लर्क के तौर पर काम करता था।
पुलिस जल्द रिमांड पर लेकर करेगी पूछताछ
रांची पुलिस की स्पेशल टीम लंबे समय से अमृत राज की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने घर सहरसा आया हुआ है। सूचना मिलते ही टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रांची लाया गया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस जल्द ही उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
11 अप्रैल की छापेमारी से खुला था पूरा खेल
इस मामले का खुलासा 11 अप्रैल को रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र स्थित रडगांव के एक अर्धनिर्मित नर्सिंग कॉलेज में हुई छापेमारी के दौरान हुआ था। पुलिस ने वहां से सॉल्वर गैंग के सदस्यों समेत 159 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा से पहले संभावित प्रश्नों के उत्तर रटवाए जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, अभ्यर्थियों से दावा किया गया था कि वही प्रश्न परीक्षा में आएंगे। इसके बदले प्रत्येक छात्र से तीन-तीन लाख रुपये वसूले गए थे। अब तक इस मामले में कुल 166 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। रांची पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच जारी है और आगे भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








