Jamtara: जामताडा़ जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर में शनिवार को एक बंद मकान से युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान लक्ष्मण राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर में अकेले रहते थे और कई दिनों से मोहल्ले में नजर नहीं आ रहे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार दोपहर घर से तेज दुर्गंध आने लगी। पहले लोगों ने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन बदबू लगातार बढ़ने पर अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पड़ोसियों ने तुरंत मिहिजाम थाना पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
बुरी तरह से सड़ चुका था शव, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलने पर अंदर का दृश्य भयावह था। कमरे में लक्ष्मण राम का शव पड़ा हुआ था, जो बुरी तरह सड़ चुका था और उसमें कीड़े लग चुके थे। दुर्गंध इतनी तेज थी कि मौके पर मौजूद लोगों का खड़ा रहना मुश्किल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागूरी भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच सभी पहलुओं-आत्महत्या, हत्या या अन्य कारणों को ध्यान में रखकर की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।







