Ranchi : राजधानी रांची में टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अभिजीत तिवारी उर्फ किट्टू हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिफ्तार किया है।
सिपाही पुल के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था
पुलिस जांच में सामने आया कि किट्टू की हत्या किसी गैंगवार या पुरानी दुश्मनी में नहीं, बल्कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद में उसके दोस्तों ने ही कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के अनुसार, 19 अप्रैल को टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के सिपाही पुल के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान अभिजीत तिवारी उर्फ किट्टू के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर मुख्यालय वन डीएसपी अमर पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
शराब देने से मना करने पर बढा विवाद
जांच में खुलासा हुआ कि 18 अप्रैल की रात नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार बधवा ग्राउंड में विशाल राम, सन्नी मिंज और आकाश सुजय बेक शराब पी रहे थे। इसी दौरान अभिजीत वहां पहुंचा और दोस्तों से शराब मांगने लगा। शराब देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अभिजीत ने मारपीट की और शराब की बोतलें तोड़ दीं। इसके बाद गुस्से में तीनों दोस्तों ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को स्कूटी से करीब तीन किलोमीटर दूर सिपाही पुल स्थित मैदान में फेंक दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर स्कूटी और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।








