Ranchi: साहिबगंज नेशनल हाईवे पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह वन के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्ची सजदा खातून गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे इलाज के लिए धनबाद भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृत बच्ची के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बिजली का खंभा गिरा दिया और टायर जलाकर विरोध जताया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा।
काफी समझाने के बाद हटा जाम
ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। आक्रोशित भीड़ को शांत कराने के लिए नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, मंत्री के प्रतिनिधि अजहरुद्दीन भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
काफी मशक्कत और समझाइश के बाद लोगों ने जाम हटाया, जिसके बाद आवागमन फिर से सामान्य हो सका। बताया जा रहा है कि नारायणपुर थाना क्षेत्र में बीते तीन दिनों के भीतर सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर स्पीड कंट्रोल, संकेतक बोर्ड और नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।







