Hazaribagh: हजारीबाग जिला खूनी रविवार में बदल गया। गोरहर थाना क्षेत्र में रविवार को कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त
पहली घटना सुबह हुई, जब सब्जियों से लदा एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
सूचना मिलते ही गोरहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन में फंसे चालक के शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया।
चार वाहन एक के बाद एक आपस में टकराई
पहली दुर्घटना के कुछ घंटे बाद सुबह करीब 10 बजे गोरहर गांव के पास दूसरी बड़ी दुर्घटना हो गई। यहां चार वाहन आपस में टकरा गए। इस श्रृंखलाबद्ध हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क, तेज रफ्तार और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यह इलाका अब दुर्घटनाओं का ‘ब्लैक स्पॉट’ बन चुका है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









