Jamtara News: गोविंदपुर–साहिबगंज नेशनल हाईवे पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से दचधानी गांव निवासी राजा मणि मंडल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रायडीह गांव के राजकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे बढ़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बीते एक सप्ताह के अंदर नारायणपुर और जामताड़ा थाना क्षेत्र में चार लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हो चुकी है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई और सुरक्षा उपायों के आश्वासन के बाद जाम हटाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।








