Ranchi: झारखंड में पानी और बिजली की समस्या को लेकर BJP द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। झारखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को जनता की समस्याओं से नहीं, बल्कि राजनीतिक अवसर से मतलब है।
उन्होंने कहा कि जो पार्टी 12 वर्षों तक केंद्र और 17 वर्षों तक राज्य की सत्ता में रही, उसने बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की और अब वही सड़क पर उतरकर “घड़ियाली आंसू” बहा रही है।
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में झारखंड की बिजली उत्पादन व्यवस्था, ट्रांसमिशन सिस्टम और ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की स्थिति बेहद खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार लगातार खराब ट्रांसफॉर्मरों को बदलने, जलापूर्ति योजनाओं को दुरुस्त करने और बिजली व्यवस्था सुधारने की दिशा में काम कर रही है, लेकिन भाजपा जनता को गुमराह करने में लगी है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा केंद्र सरकार से “नल-जल योजना” के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं करा सकी और अब खुद सड़कों पर आंदोलन कर रही है।
कांग्रेस ने दावा किया कि BJP नेताओं का प्रदर्शन केवल मीडिया की सुर्खियां बटोरने का प्रयास है। पार्टी के अनुसार, भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के कारण कई राज्यों में बिजली संकट की स्थिति बनी हुई है, लेकिन झारखंड सरकार राहत पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से सवाल पूछा कि झारखंड की ऊर्जा और पेयजल परियोजनाओं के लिए कितनी सहायता दी गई और कितनी योजनाओं को लंबित रखा गया।
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के पास अब न कोई स्पष्ट नीति बची है और न ही कोई जनहित का मुद्दा, इसलिए वह हर समस्या पर केवल राजनीति कर रही है। पार्टी ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और विपक्ष के विरोध से विकास कार्य प्रभावित नहीं होंगे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











