Koderma: कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित मिटको कॉलोनी में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गई जब एक महिला की उसके ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान नेहा राज के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। हत्या के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
मासूम बेटे ने देखी खून से लथपथ मां
घटना का खुलासा तब हुआ जब नेहा का बेटा दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल से घर लौटा। मासूम जैसे ही कमरे में घुसा, उसने अपनी मां को जमीन पर खून से लथपथ पाया। मां को इस हालत में देख बच्चा चीखते हुए घर से बाहर भागा। उसकी चीख सुनकर पड़ोसी दौड़कर आए। जब पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो नेहा का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
9 साल पहले किया था प्रेम विवाह, मायके वाले थे नाराज
मिली जानकारी के मुताबिक नेहा ने साल 2017 में अपने मायके (झुमरीतिलैया) वालों की मर्जी के खिलाफ जाकर बेकोबार निवासी शंभू राणा से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से उनके मायके वाले काफी नाराज थे। शादी के बाद नेहा और शंभू मिटको कॉलोनी में ही रहते थे। दोनों साथ मिलकर कॉपी बनाने की फैक्ट्री चलाते थे। नेहा फैक्ट्री संभालती थीं और शंभू मार्केटिंग का काम देखते थे।
Read More- झारखंड पुलिस के जवानों के लिए बड़ी खुशखबरी-352 चालक हवलदारों की फाइनल लिस्ट जारी
किसने की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ (SDPO) अनिल कुमार सिंह और कोडरमा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हत्यारा घर में कैसे घुसा और हत्या के पीछे की असली वजह क्या है?
Read More- ब्रेकिंग न्यूज: ऐसे पलटा खेल! वेणुगोपाल का पत्ता काटकर वीडी सतीशन केरल में कैसे बने सबसे बड़े चेहरे
एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। मृतका अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।









