झारखंड के Jamshedpur के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स के पास शनिवार तड़के एक नेपाली होटल में भीषण आग लग गई। सुबह करीब चार बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान होटल में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को खबर दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक होटल में रखा फर्नीचर, खाद्य सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानों और इमारतों तक खतरा पहुंच गया था। सिलेंडर ब्लास्ट की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगलगी की इस घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, यह नेपाली होटल लंबे समय से अतिक्रमित जमीन पर संचालित हो रहा था और इलाके में काफी लोकप्रिय था। खासकर यहां मिलने वाला मटन लोगों के बीच बेहद पसंद किया जाता था, जिसके कारण दूर-दूर से लोग यहां खाने पहुंचते थे।
फिलहाल Jharkhand Fire Services और बिष्टुपुर थाना पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis












