Ranchi: राजधानी रांची के चर्चित अनिल टाइगर हत्याकांड मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्याकांड को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर सूरज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताते चलें कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर की थी हत्या
बताते चलें कि कांके चौक के पास बीजेपी नेता अनिल टाइगर की अज्ञात अपराधियों के द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी थी। हालांकि मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था पर मुख्य शूटर सूरज फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार मृतक अनिल टाइगर भाजपा से जुड़े हुए थे और जमीन कारोबार से जुड़े थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद और पैसों के लेन-देन का मामला था।
जमीन विवाद में हत्या की आशंका
रांची एसएसपी राकेश रंजन को इनपुट मिलने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने छापेमारी कर आरोपी शूटर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक दिसंबर 2023 में हरमू निवासी विनोद पासवान के घर विवाद सुलझाने के लिए बैठक हुई थी। इस दौरान देवव्रत और अनिल टाइगर के बीच समझौता नहीं हो पाया था और दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। आरोप है कि उसी दौरान देवव्रत ने अनिल टाइगर को पिस्टल दिखाकर धमकी भी दी थी।









