झारखंड के गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित मंडल कारा (गढ़वा मंडल जेल) में शनिवार देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी अभियान चलाया। इस अचानक हुई कार्रवाई से जेल परिसर में हड़कंप मच गया। अभियान का नेतृत्व एसडीएम संजय कुमार और एसडीपीओ ने संयुक्त रूप से किया।
जानकारी के अनुसार, भारी संख्या में पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की टीम देर रात अचानक गढ़वा मंडल जेल पहुंची। इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे जेल परिसर को अपने घेरे में ले लिया और सभी वार्डों, कैदियों के सेल, जेल अस्पताल, रसोई घर (मेस) तथा परिसर के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से कैदियों और जेल कर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले इस जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। हालांकि तलाशी अभियान में किसी भी प्रकार का प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। जांच के दौरान जेल के अंदर का माहौल सामान्य और शांतिपूर्ण पाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, इस औचक छापेमारी का मुख्य उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना, अनुशासन कायम रखना और किसी भी अवैध या संदिग्ध गतिविधि पर पूरी तरह रोक लगाना था। अभियान में जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, महिला एवं पुरुष पुलिस बल के जवान भी शामिल रहे।
छापेमारी समाप्त होने के बाद एसडीएम संजय कुमार ने मीडिया को बताया कि यह एक रूटीन जांच अभियान था। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने तथा कैदियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








