Lohardaga: लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित धनामुंजी गांव में शनिवार शाम हुई दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके हड़कंप मच गई। आरोपी मड़वा उरांव ने अपनी मां रुपी उरांव और पत्नी सोमरी उरांव की लोहे के सरिये से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
आम तोड़कर लौटने के बाद अचानक हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, मड़वा उरांव अपनी पत्नी सोमरी उरांव के साथ आम के बगीचे से घर लौटा था। इसी दौरान वह अचानक गुस्से और उत्तेजना में आ गया। बताया जा रहा है कि उसने घर में रखे लोहे के सरिये से पहले अपनी मां और फिर पत्नी पर लगातार वार किए। सिर पर गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मानसिक स्थिति को लेकर सामने आई बड़ी बात
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। एक सप्ताह पहले उसके भतीजे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से उसका व्यवहार असामान्य हो गया था। परिवार के लोगों ने बताया कि करीब छह महीने पहले भी उसका इलाज रिनपास में कराया गया था।
पुलिस ने मौके से किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस गांव पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी मड़वा उरांव को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल लोहे का सरिया भी बरामद किया गया है।
गांव में पसरा सन्नाटा
इस दर्दनाक घटना के बाद धनामुंजी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी पहले शांत स्वभाव का था, लेकिन हाल के दिनों में उसका व्यवहार काफी बदल गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।








