धनबाद: Dhanbad जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने संगठित अपराध और रंगदारी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनु दर्जी उर्फ मंजुर आलम के रूप में हुई है, जो गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गायढेरा स्थित एकरा मस्जिद के पास का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का संबंध प्रिस खान और गोपी खान गिरोह से जुड़ा हुआ है। लंबे समय से पुलिस को सूचना मिल रही थी कि यह गिरोह धनबाद में व्यवसायियों, बीसीसीएल ठेकेदारों, आउटसोर्सिंग कंपनियों के संचालकों और बड़े कारोारी प्रतिष्ठानों से रंगदारी वसूलने का काम कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि रंगदारी से वसूली गई रकम को जमीन खरीद-बिक्री के कारोबार में लगाया जाता था, जबकि गिरोह के सदस्यों को हथियार और गोला-बारूद भी उपलब्ध कराए जाते थे।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक छह चक्रीय देशी रिवॉल्वर, एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक सैमसंग जेड फोल्ड मोबाइल फोन बरामद किया है।
इस मामले में बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 79/26 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ धनबाद जिले के विभिन्न थानों में डकैती, चोरी, मारपीट और रंगदारी से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों और नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।








