Dhanbad: झारखंड के धनबाद जिला अंतर्गत धनसार थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक महिला गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। धनबाद पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, धनसार थाना पुलिस को रविवार सुबह एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि गांधी नगर सब्जी बगान स्थित ताड़ी गोदाम इलाके में अवैध गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के मुताबिक, शुभावती देवी नामक महिला अपने घर से इस अवैध व्यापार को संचालित कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर (DSP Law and Order) नौशाद आलम के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। इस टीम में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली सहित कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र जवान शामिल थे।
Dhanbad: फ्रिज के अंदर छुपाकर रखा था गांजा, वजन मशीन भी जब्त
पुलिस टीम ने जब चिन्हित घर पर अचानक दबिश दी, तो तलाशी के दौरान हैरान करने वाला खुलासा हुआ। आरोपी महिला ने पुलिस से बचने के लिए गांजे को फ्रिज के अंदर छुपा कर रखा था। फ्रिज की जांच करने पर एक पीले रंग के प्लास्टिक बैग से छोटे-बड़े पुड़ियों में पैक किया गया गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 1 किलो 20 ग्राम पाया गया है। इसके साथ ही मौके से गांजा तौलने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक इलेक्ट्रिक वजन मशीन भी जब्त की गई है। बरामदगी के बाद टीम में शामिल महिला पुलिस पदाधिकारी ललिता कुमारी सोरेन ने आरोपी शुभावती देवी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल धनसार थाना पुलिस इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।







