राजधानी रांची में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। रांची नगर निगम ने आम नागरिकों को अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि नगर आयुक्त के नाम और पद का दुरुपयोग कर एक फर्जी विदेशी नंबर से व्हाट्सएप संदेश भेजे जा रहे हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि यह नंबर पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है।
नगर निगम के अनुसार, +84 566696967 नंबर से लोगों को व्हाट्सएप मैसेज भेजे जाने की सूचना मिली है। इसको लेकर निगम प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
नगर आयुक्त का यही है आधिकारिक नंबर
रांची नगर निगम ने जानकारी दी कि नगर आयुक्त का आधिकारिक मोबाइल नंबर +91 9431115814 है। इसके अलावा किसी अन्य नंबर से यदि नगर आयुक्त के नाम पर कॉल, व्हाट्सएप संदेश या किसी प्रकार की मांग अथवा निर्देश प्राप्त होता है, तो लोग उस पर भरोसा न करें।
निगम ने जारी की एडवाइजरी
नगर निगम ने आमजनों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध नंबर को तुरंत Spam/Report करें। साथ ही किसी भी परिस्थिति में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, OTP, बैंक डिटेल या आर्थिक लेन-देन से जुड़ी जानकारी साझा न करें।
साइबर ठगी से बचने की अपील
निगम प्रशासन ने कहा कि साइबर अपराधी अब सरकारी अधिकारियों के नाम और पद का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे मामलों में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या साइबर पुलिस को देने की सलाह दी गई है।









