Latehar: लातेहार में बुधवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। डालटनगंज-गढ़वा रेल सेक्शन के चियांकी और केचकी स्टेशन के बीच स्थित केचकी रेलवे ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डाउन पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
रेलवे पुल और ट्रैक के आसपास भटक रही थी महिला
घटना रेलवे पोल संख्या 272 के 20/22 डाउन लाइन के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला काफी देर से रेलवे पुल और ट्रैक के आसपास भटकती नजर आ रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार पलामू एक्सप्रेस वहां से गुजरी और महिला उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव पुल के समीप फंस गया और उसके दोनों पैर कट गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला पिछले एक दिन से इलाके में असामान्य मानसिक स्थिति में घूमती दिखाई दे रही थी। कई लोगों ने उसे ट्रैक के आसपास देखा था, लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की। हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
मृत महिला की पहचान में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर आर.के. मिंज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस महिला की पहचान करने में जुटी है और आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।








