Saraikela: सरायकेला-खरसावां में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को जरूरी इंतजाम करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
प्रशासन द्वारा सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंड, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में ठंडे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए कई स्थानों पर मिट्टी के घड़े भी रखवाए गए हैं।
खराब पड़े सभी चापाकलों को तुरंत ठीक किया जाए-डीसी
उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को आदेश दिया है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खराब पड़े सभी चापाकलों को तुरंत ठीक किया जाए। साथ ही जिन इलाकों में पानी की किल्लत है, वहां टैंकरों के जरिए जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। सदर अस्पताल और सभी स्वास्थ्य केंद्रों में हीटवेव से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाइयां, ओआरएस, बेड और डॉक्टरों की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचे
जिला प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि चक्कर, सिरदर्द या उल्टी जैसी समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन की यह तैयारी आम लोगों को राहत देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।








