NEET UG Paper: नीट परीक्षा में हुए पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह से फुलप्रूफ और सुरक्षित बनाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भविष्य में होने वाली नीट परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों (Question Papers) को लीक से बचाने और संरक्षण की जिम्मेदारी भारतीय सेना (Indian Army) को सौंपी जा सकती है।
इस कदम का मुख्य उद्देश्य परीक्षा की विश्वसनीयता को दोबारा बहाल करना और छात्रों के भविष्य के साथ होने वाले खिलवाड़ को हमेशा के लिए रोकना है।
रक्षा मंत्री के घर हुई हाई-लेवल बैठक, परीक्षा को सुरक्षित बनाने पर मंथन
नीट परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर एक बेहद अहम और उच्च स्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में सरकार के कई बड़े चेहरे और अधिकारी शामिल हुए जिनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और CBSE और NTA के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में छात्रों की परेशानियों को दूर करने, परीक्षा प्रक्रिया को अभेद्य (Fullproof) बनाने और भविष्य में किसी भी स्तर पर पेपर लीक या गड़बड़ी को रोकने के लिए कई कड़े विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसी दौरान सेना की मदद लेने का प्रस्ताव भी सामने आया।
CBI की रडार पर कोचिंग सेंटर्स; मास्टरमाइंड की हिरासत बढ़ी
एक तरफ जहां सरकार सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कर रही है, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) इस घोटाले की जड़ों को उखाड़ने में लगी है। दिल्ली की एक विशेष अदालत ने नीट पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपियों में से एक, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर (रेणुकाई करियर सेंटर के संस्थापक) की सीबीआई हिरासत को एक और दिन के लिए बढ़ा दिया है।
सीबीआई के विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के सामने एजेंसी ने दलील दी कि मामले की गहराई तक जाने के लिए आरोपी की हिरासत जरूरी है। CBI के मुताबिक: “मोटेगांवकर नीट-स्नातक परीक्षा 2026 के प्रश्न पत्रों को लीक और प्रसारित करने की साजिश में सीधे तौर पर शामिल हैं। उन्होंने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर परीक्षा से काफी पहले, यानी 23 अप्रैल 2026 को ही केमिस्ट्री (रसायन विज्ञान) के प्रश्न और उत्तर हासिल कर लिए थे।”
बता दें कि लातूर से गिरफ्तार हुए मोटेगांवकर इस मामले में पकड़े जाने वाले 10वें आरोपी हैं। सीबीआई अब तक इस पूरे नेक्सस से जुड़े 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
21 जून को दोबारा होगी NEET 2026 परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक के गंभीर आरोपों को देखते हुए 3 मई को आयोजित हुई चिकित्सा स्नातक (MBBS/BDS) पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा को स्थगित (Postpone) करने का फैसला किया था।
- पुरानी परीक्षा तिथि: 3 मई 2026 (रद्द)
- NEET Re-Exam की नई तारीख: 21 जून 2026
NTA और सरकार की कोशिश है कि 21 जून को होने वाली इस पुन: परीक्षा को बिना किसी कसर के पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित किया जाए।
सोशल मीडिया पर जनता की प्रतिक्रिया (Public Reaction)
इस ऐतिहासिक फैसले और प्रस्ताव पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर तंज कस रहे हैं और अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं, यूजर्स का कहना है कि देश की हालत ऐसी हो गई है कि एक प्रवेश परीक्षा को ठीक से कराने के लिए भी अब सेना की मदद लेनी पड़ रही है, जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कुछ यूजर्स ने मजाकिया लहजे में लिखा कि परीक्षा केंद्रों पर अब टैंक भी रखवा देने चाहिए, ताकि जो भी चैटिंग या गड़बड़ी करे, उसे वहीं उड़ा दिया जाए। लोग इस पूरी स्थिति की तुलना किसी ‘जंग के मैदान’ से कर रहे हैं।
जनता इस कदम को परीक्षा एजेंसियों और व्यवस्था की लाचारी के रूप में देख रही है, जहां एक सिविल परीक्षा को सुरक्षित रखने के लिए सैन्य सुरक्षा का सहारा लेना पड़ रहा है।


ये भी देखें: दिनभर की बड़ी खबरें फटाफट | ED 2026| Jharkhand Police | | Chanho violence |BJP










