Dhanbad Breaking: धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद फुटबॉल ग्राउंड के पास हुई मारपीट और हवाई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार यादव, विवेक कुमार ठाकुर और करण कुमार दास के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Dhanbad Breaking: मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पिस्टल, कारतूस और स्कॉर्पियो जब्त
अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी अजीत कुमार विमल ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुख्य आरोपी आनंद कुमार यादव की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक अवैध देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हुआ है। इलाके में अमित यादव और विकास बजरंगी गुट के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाली रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे को डराने के लिए तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग की गई।
Dhanbad Breaking: 20 नामजद पर FIR, फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस गोलीबारी में घर की छत पर खड़े तौशिफ अंसारी के कंधे में गोली लग गई, जबकि मारपीट में शामिल नीतीश यादव के पैर में भी गोली लगी है। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने 20 नामजद और 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








