Giridih: गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में एक ऐसा पारिवारिक विवाद सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यहाँ एक शख्स की आशिकी और दूसरी शादी की जिद ने उसके अपने ही परिवार को बीच सड़क पर तमाशा बना दिया।
चार बच्चों का पिता जब अपनी पहली पत्नी को छोड़कर एक दूसरी शादीशुदा महिला को घर लेकर पहुंचा, तो विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए मायके वालों ने लड़के की मां (सास) को ही बीच सड़क पर बिजली के खंभे से बांध दिया।
घर में सौतन की एंट्री होते ही भड़का गुस्सा, सास बनी शिकार
जानकारी के मुताबिक, चंदौरी निवासी पिंटू कुमार रविवार को अचानक एक अन्य महिला को लेकर अपने घर पहुंचा था। घर में दूसरी महिला की एंट्री होते ही पहली पत्नी और पिंटू के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इस बात की खबर जैसे ही पहली पत्नी के मायके वालों को लगी, वहां से महिलाओं और पुरुषों का एक बड़ा समूह पिंटू के घर धमक पड़ा।
मायके वाले पिंटू को सबक सिखाना चाहते थे, लेकिन जब पिंटू मौके से गायब मिला, तो उनका गुस्सा उसकी मां मालती देवी पर फूट पड़ा। मालती देवी, जो स्वास्थ्य विभाग में सहिया के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें आक्रोशित लोगों ने पकड़ लिया और बीच सड़क पर बिजली के खंभे से बांध दिया। मायके वाले लगातार बेटे को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने कराया मुक्त
गांव के बीचों-बीच एक महिला को खंभे से बंधा देख ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल में तनाव फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए बंधक बनी मालती देवी को खंभे से मुक्त कराया।
आरोपी पति और दूसरी महिला हिरासत में
पीड़ित महिला ने मायके वालों पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिंटू कुमार और उसके साथ आई दूसरी महिला को हिरासत में ले लिया है। चर्चा है कि पिंटू के साथ आई महिला भी पहले से शादीशुदा है। पुलिस फिलहाल दोनों से थाने में पूछताछ कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









