Ranchi: अखिल झारखंड छात्र संघ (AJSU) के एक प्रतिनिधिमंडल ने रांची विश्वविद्यालय (RU) की कुलपति महोदया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया अविलंब प्रारंभ करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
Ranchi University के छात्रों के भविष्य को लेकर आजसू ने जताई चिंता
प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति के समक्ष छात्रों की समस्याओं को रखते हुए कहा कि इंटरमीडिएट (12वीं) का परीक्षा परिणाम प्रकाशित हुए काफी समय हो चुका है। इसके बाद से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा में नामांकन (Ranchi University Admission) की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
आजसू नेताओं ने जोर देकर कहा: “नामांकन प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। समय पर प्रक्रिया शुरू न होने से छात्रों और अभिभावकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।”
Read More: Ranchi Station का होगा कायाकल्प, 12 करोड़ से बनेगा पैसेंजर लाउंज, जानें क्या होंगी सुविधाएं
ज्ञापन के माध्यम से की गईं मुख्य मांगें
ज्ञापन के जरिए आजसू ने विश्वविद्यालय प्रशासन से निम्न मांगें की हैं:
- विद्यार्थियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए स्नातक पाठ्यक्रमों की नामांकन प्रक्रिया (RU UG Admission Process) जल्द से जल्द प्रारंभ की जाए।
- छात्र-छात्राएं समय पर अपनी पढ़ाई शुरू कर सकें, इसके लिए शेड्यूल तय हो।
- नामांकन से जुड़े सभी आवश्यक दिशा-निर्देश और कार्यक्रम (Admission Guidelines) भी शीघ्र जारी किए जाएं।
कुलपति ने दिया आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन
आजसू की मांगों को रांची विश्वविद्यालय की कुलपति महोदया ने बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नामांकन प्रक्रिया को जल्द पटरी पर लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।
आजसू ने स्पष्ट किया कि संगठन छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर निरंतर सक्रिय है। विद्यार्थियों के अधिकारों और उनकी शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हमेशा संघर्षरत रहेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर आजसू के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे, जिनमें मुख्य रूप से ओम वर्मा (प्रदेश अध्यक्ष), रोशन नायक (प्रदेश सचिव), अमन साहू (महानगर अध्यक्ष) साथ ही राजेश सिंह, सौरभ यादव, अब्दुल खान, राहुल, यश सोनी, पंकज, अभित कुमार, हिमांशु सिंह, शुरदीप, अमित, निशांत इत्यादि शामिल रहे।
ये भी देखें: दिनभर की बड़ी खबरें फटाफट | Iran Strait of Hormuz | IPL Final | JCECEB | Twisha Sharma Death Case









