Ranchi: झारखंड की बेटी और पूर्व मिस इंडिया स्टेफी पटेल ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने तथा राज्य के विकास में योगदान देने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान स्टेफी ने अपनी जन्मभूमि के प्रति गहरा लगाव दिखाते हुए झारखंड पर्यटन के विकास में अपने कौशल, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और प्रतिभा के जरिए योगदान देने की इच्छा जाहिर की। इस खास मौके पर उनके पिता अमरेन्द्र पटेल और माता माधुरी पटेल भी उपस्थित थे।
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर चमका चुकी हैं झारखंड का नाम
स्टेफी पटेल ने न केवल भारत बल्कि वैश्विक मंच पर भी झारखंड का नाम गौरवान्वित किया है। वे रूस, लंदन और पेरिस में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, साथ ही उन्होंने हिंदी, साउथ इंडियन और कोरियन फिल्मों में भी काम किया है। उनकी इसी कामयाबी को देखते हुए हाल ही में इटली के मेयर ने उन्हें आमंत्रित किया है, जिसके लिए वे जल्द रवाना होंगी। इसके अलावा, इस वर्ष 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें अमेरिका से भी बुलावा आया है।
जन्मभूमि के लिए हर जिम्मेदारी निभाने को तैयार
राज्यपाल से बातचीत के दौरान भावुक होते हुए स्टेफी ने कहा, “सर, मैं हमेशा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर झारखंड की मिट्टी की प्रशंसा करती हूँ। यह मेरी जन्मभूमि है और मैं इसे कुछ वापस देना चाहती हूँ। राज्य के पर्यटन विकास के लिए मुझे जो भी दायित्व या सहयोग सौंपा जाएगा, मैं उसे पूरी निष्ठा से पूरा करूँगी।” राज्यपाल महोदय ने स्टेफी के इस समर्पण और दूरदर्शी सोच की जमकर सराहना की। विशेषज्ञों का मानना है कि स्टेफी के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का लाभ उठाकर झारखंड पर्यटन को एक नई ऊंचाई पर ले जाया जा सकता है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








