Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में उद्योग विभाग की योजनाओं, परियोजनाओं और कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए राज्य को औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षण, रोजगार सृजन और पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में उद्योगों के विकास से आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाए, ताकि अधिक से अधिक निवेशक झारखंड की ओर आकर्षित हों।
झारक्राफ्ट को आधुनिक बाजार से जोड़ने की तैयारी
बैठक में झारक्राफ्ट की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने नवाचार और बाजार आधारित उत्पादों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड की पारंपरिक कला और संस्कृति से जुड़े उत्पादों को आधुनिक डिजाइन और पैकेजिंग के साथ विकसित किया जाए। साथ ही पर्यटन स्थलों पर इनके प्रदर्शन और बिक्री की व्यवस्था की जाए, जिससे स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को सीधा लाभ मिल सके।
पारंपरिक शिल्पकारों को मिलेगा नया मंच
माटी कला बोर्ड की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने लौह-कर्म, काष्ठ-कर्म और कुम्भकारी जैसे पारंपरिक व्यवसायों को पुनर्जीवित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में इन कारीगरों को प्रशिक्षण, नई तकनीक और बाजार से जोड़ना जरूरी है। झारक्राफ्ट के माध्यम से उनके उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए गए, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो और रोजगार के स्थायी अवसर बन सकें।
लॉजिस्टिक पार्क और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से बढ़ेगा निवेश
मुख्यमंत्री ने राज्य में निर्माणाधीन लॉजिस्टिक पार्क और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लॉजिस्टिक पार्क के विकसित होने से परिवहन, भंडारण और वितरण प्रणाली मजबूत होगी, जिससे उद्योगों की लागत घटेगी और व्यापार को गति मिलेगी।
वहीं वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के निर्माण से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ व्यापारिक संपर्क बढ़ेंगे। इससे झारखंड को एक उभरते हुए औद्योगिक और निवेश गंतव्य के रूप में पहचान मिलेगी।
रोजगार और आर्थिक विकास पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और पारंपरिक व्यवसायों को आधुनिक अर्थव्यवस्था से जोड़ना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और परिणामोन्मुख तरीके से पूरा किया जाए, ताकि झारखंड की आर्थिक प्रगति को नई गति मिल सके।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








