Ranchi: झारखंड प्रदेश Congress कमेटी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को पुराना विधानसभा सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की, जबकि इसमें कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के स्थायी सदस्य और झारखंड प्रभारी के. राजू विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राज्यसभा चुनाव को लेकर भेजे गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस दौरान आगामी राज्यसभा चुनाव, संगठन विस्तार और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
गठबंधन के सभी विधायक एकजुट, दोनों सीटों पर होगी जीत : के. राजू
बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड Congress प्रभारी के. राजू ने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और राज्यसभा की दोनों सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में पिछले डेढ़ वर्षों से लगातार काम किया जा रहा है। ग्राम पंचायत समिति, प्रखंड कांग्रेस समिति, जिला कांग्रेस समिति और प्रदेश कांग्रेस समिति का गठन पूरा कर लिया गया है। सभी पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और उनके कार्यों की समीक्षा हर तीन महीने में की जाएगी।
SIR को लेकर सतर्क रहने की जरूरत
के. राजू ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधायक, जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और सह-सचिव सभी को इस मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कांग्रेस किसी भी कीमत पर ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी।
भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है : केशव महतो
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा SIR के माध्यम से झारखंड में राजनीतिक षड्यंत्र करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त कर दिए हैं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटाया जा सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं करेंगे और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में के. राजू, भूपेंद्र मारवी, प्रदीप यादव, आलमगीर आलम, बंधु तिर्की, बन्ना गुप्ता, भूषण बाड़ा, दीपिका पांडेय सिंह, डॉ. रमेश्वर उरांव, फुरकान अंसारी, जलेश्वर महतो, के.एन. त्रिपाठी, ममता देवी, नमन बिक्सल कोंगाड़ी, निशात आलम, प्रणव झा, राजेश कच्छप, राजेश ठाकुर, रामचंद्र सिंह, शहजादा अनवर, शिल्पी नेहा तिर्की, सोना राम सिंकू, सुरेश बैठा सहित कांग्रेस के विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।








