Palamu: शुक्रवार को पलामू में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) झारखंड, तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में पलामू प्रक्षेत्र की अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था पर विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों, पोक्सो मामलों, मॉब लिंचिंग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार, मानव तस्करी, साइबर और संगठित अपराधों की व्यापक समीक्षा की गई। डीजीपी ने त्वरित अनुसंधान, अभियोजन की प्रभावी कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया।
लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश
जिलों में लंबित कांडों और न्यायालय में विचाराधीन मामलों के त्वरित निपटान, संवेदनशील मामलों का Speedy Trial, और नवीन कानूनों जैसे भारतीय न्याय संहिता और नागरिक सुरक्षा संहिता का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
सीसीटीवी निगरानी, मोबाइल फोन बरामदगी, तकनीकी अवसंरचना, पुलिस कर्मियों के कल्याण और कार्यस्थल की समस्याओं का भी विस्तृत विश्लेषण किया गया। इसके अलावा चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों के साथ बैठक कर उनके समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह, अजय लिंडा, कौशल किशोर, संबंधित एसपी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डीजीपी ने सभी अधिकारियों को संवेदनशील मामलों में तेजी से कार्रवाई, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग और नागरिकों की शिकायतों के शीघ्र निपटान का निर्देश दिया।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









